Delhi News: एक महिला ने अपने पति की आत्महत्या के लिए पड़ोस में रहने वाली महिला पर आरोप लगाया है। चुन्नू खेड़ा आश्रम कॉलोनी की नेहा निगम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया नाम की महिला का उनके पति शिवम निगम से अवैध संबंध था।
नेहा के अनुसार सोनिया ने उनके पति के साथ शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें बनाई। इन्हीं वीडियो के आधार पर सोनिया शिवम को धमकी देती थी। वह कहती थी कि अगर शिवम ने अपनी पत्नी और बच्चों को नहीं छोड़ा तो वह दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज करा देगी।
पति ने बताई थी पूरी कहानी
नेहाने पुलिस को बताया कि उनके पति शिवम ने रोते हुए यह सारी बातें बताई थीं। शिवम ने कहा था कि सोनिया ने जबरदस्ती शराब पिलाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इन घटनाओं के कारण शिवम गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे। वह हमेशा परेशान रहने लगे थे।
नेहा ने बताया कि करीब छह महीने पहले जब वे इस कॉलोनी में आए थे तभी से सोनिया उनके पति से संपर्क में थी। उन्होंने कहा कि उनके पति बहुत सीधे स्वभाव के थे और ऑटो चलाने का काम करते थे। सोनिया का पूर्व प्रेमी भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुका है।
महिला पर दबंग होने का आरोप
नेहाने पुलिस को बताया कि सोनिया काफी दबंग प्रवृत्ति की महिला है। 18 सितंबर को जब नेहा किसी निजी काम से घर से बाहर गई थीं तब सोनिया के उकसावे में आकर शिवम ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने पंखे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
नेहा निगम ने स्पष्ट आरोप लगाया कि उनके पति की मौत के लिए सोनिया ही जिम्मेदार है। पुलिस ने नेहा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस जांच में जुट गई है और सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस नेसंबंधित धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक शिवम निगम के परिवार वालों और आरोपी महिला सोनिया से पूछताछ कर रही है। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और आरोपों की सच्चाई का पता लगा रही है। मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी महिला के कारण ही उनके परिवार का एकमात्र कमाने वाला चला गया।
