Karnataka News: कर्नाटक के तुमकुर जिले में एक पूर्व ग्राम पंचायत अध्यक्ष ने सोने के लालच में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को फिल्मी अंदाज में अंजाम देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने शव पर मिर्च पाउडर छिड़क दिया और घर के बाहर शराब की बोतलें रख दीं ताकि यह लूटपाट लगे। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी मुथुराज को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी किया गया सोना भी बरामद कर लिया गया है।
कर्ज और जुए की लत ने बनाया अपराधी
उज्जिनी गांव के रहने वाले आरोपी मुथुराज पर जुए की बुरी लत थी। इस कारण उसने अपनी सारी संपत्ति गंवा दी थी और उस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये का कर्ज था। वह कभी एक सफल किसान था, लेकिन बुरी आदतों ने उसे बर्बाद कर दिया। उसने मृतक नागम्मा से 50,000 रुपये उधार लिए थे। जब बुजुर्ग महिला ने अपना बकाया पैसा वापस मांगा, तो मुथुराज ने उनकी हत्या कर गहने लूटने की साजिश रच डाली।
फिल्मी अंदाज में रची हत्या की साजिश
10 मार्च की शाम मुथुराज ने नागम्मा को फोन किया और पैसे लौटाने का झांसा देकर उनके घर पहुंचा। मौका पाकर उसने महिला की साड़ी से ही उनका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने घर में काली मिर्च का पाउडर बिखेर दिया ताकि खोजी कुत्ते सुराग न पा सकें। बाहर शराब की बोतलें और चप्पलें रखकर उसने यह दिखाने की कोशिश की कि वारदात किसी बाहरी गैंग ने की है।
एक छोटी सी गलती से पकड़ा गया हत्यारा
आरोपी ने लूट का नाटक तो रचा, लेकिन वह घर को अंदर से बंद करना भूल गया था। इसी सुराग ने पुलिस को इशारा कर दिया कि कातिल कोई परिचित ही है। हुलियुरदुर्गा पुलिस ने जांच तेज की और कस्बे में ही घूम रहे मुथुराज को दबोच लिया। आरोपी ने लूटा हुआ सोना एक नारियल के पेड़ के पास छिपाया था। अमृतुर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

