New Delhi News: देश के स्पोर्ट्स (Sports) जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इस साल देश का सर्वोच्च सम्मान ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न’ किसी भी खिलाड़ी को नहीं दिया जाएगा। चयन समिति ने लंबी बैठक के बाद यह फैसला लिया है। हालांकि, अर्जुन पुरस्कार के लिए 24 खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई है। इस लिस्ट में शतरंज और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का दबदबा है।
इन दिग्गज खिलाड़ियों के नाम पर हुई चर्चा
स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स की चयन समिति ने बुधवार को एक अहम बैठक की। इसमें भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उप-कप्तान हार्दिक सिंह के नाम पर विचार हुआ। वनडे विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के नामों पर भी चर्चा की गई। लेकिन आखिर में समिति किसी एक नाम पर सहमत नहीं हो सकी। हार्दिक सिंह ने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।
अर्जुन अवॉर्ड: योगासन को पहली बार मिला सम्मान
अर्जुन पुरस्कार की लिस्ट में इस बार कुछ खास नाम शामिल हैं। स्पोर्ट्स मंत्रालय से मान्यता मिलने के पांच साल बाद पहली बार किसी योगासन खिलाड़ी को चुना गया है। राष्ट्रीय और एशियाई चैंपियन आरती पाल को यह पुरस्कार मिलेगा। बता दें कि 2026 एशियाई खेलों में योगासन को शामिल किया गया है। इसके अलावा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती का नाम भी लिस्ट में है।
इस साल लिस्ट से क्रिकेट गायब
इस बार अर्जुन पुरस्कार पाने वालों की सूची में एक भी क्रिकेटर शामिल नहीं है। स्पोर्ट्स के क्षेत्र में क्रिकेटर्स का हमेशा बोलबाला रहता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी यह सम्मान पाने वाले आखिरी क्रिकेटर थे। उन्हें 2023 में अर्जुन पुरस्कार मिला था। इस बार एथलेटिक्स, निशानेबाजी और हॉकी के खिलाड़ियों को तरजीह दी गई है।
क्या मिलता है पुरस्कार में?
मेजर ध्यानचंद खेल रत्न विजेता को 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलता है। वहीं, अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। पिछले साल चार खिलाड़ियों को खेल रत्न दिया गया था। इसमें हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह और निशानेबाज मनु भाकर शामिल थे।
अर्जुन पुरस्कार के लिए अनुशंसित 24 खिलाड़ी
स्पोर्ट्स कमिटी ने इन नामों की सिफारिश की है:
तेजस्विन शंकर और प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंदर (मुक्केबाजी), विदित गुजराती और दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), प्रणति नायक (जिम्नास्टिक), राजकुमार पाल और लालरेम्सियामी (हॉकी), सुरजीत और पूजा (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रूद्रांक्ष खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भयान (पैरा एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (नौकायन), अखिल श्योराण और मेहुली घोष (निशानेबाजी), सुतीर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती (योग), त्रिसा जाली और गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), मोहम्मद अफजल (एथलेटिक्स)।
