South Africa News: साउथ अफ्रीका से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत में एक निर्माणाधीन हिंदू मंदिर गिर गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में भारतीय मूल के विक्की जयराज पांडे भी शामिल हैं। यह हादसा साउथ अफ्रीका के ईथेक्विनी इलाके में हुआ।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
यह घटना रेडक्लिफ इलाके में घटी। यहां न्यू अहोबिलम मंदिर का विस्तार किया जा रहा था। तभी इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। साउथ अफ्रीका पुलिस ने बताया कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। खराब मौसम की वजह से बचाव कार्य रोकना पड़ा है।
भारतीय मूल के मैनेजर की मौत
हादसे में विक्की जयराज पांडे की भी जान चली गई। वे इस मंदिर प्रोजेक्ट के मैनेजर थे। वे पिछले दो साल से साउथ अफ्रीका में इस मंदिर के निर्माण से जुड़े थे। मंदिर को गुफा जैसा रूप दिया जा रहा था। इसके लिए पत्थर भारत से मंगवाए गए थे।
अवैध था मंदिर का निर्माण
ईथेक्विनी नगरपालिका ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। अधिकारियों के मुताबिक इस निर्माण के लिए कोई नक्शा पास नहीं हुआ था। यह निर्माण पूरी तरह गैरकानूनी था। साउथ अफ्रीका के बचाव दल ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों से संपर्क टूट गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
