Johannesburg News: South Africa (दक्षिण अफ्रीका) में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जोहान्सबर्ग के पास बेक्कर्सडाल टाउनशिप में हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस गोलीबारी में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है, लेकिन हमलावरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
राह चलते लोगों पर बरसाईं गोलियां
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाली बात पता चली है। हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के सड़क पर चल रहे लोगों को निशाना बनाया। उन्होंने पीछे से लोगों पर गोलियां चलाईं। बेक्कर्सडाल, South Africa की सोने की खदानों के पास बसा एक गरीब इलाका है। अचानक हुई फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अवैध बार के पास हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, यह घटना एक स्थानीय बार के पास हुई है। वहां अवैध रूप से शराब बेचने की जानकारी मिली है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या इस हमले का अवैध कारोबार से कोई लेना-देना है। गौटेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने 10 मौतों की पुष्टि की है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दिसंबर में दूसरा बड़ा हमला
South Africa में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। इसी महीने यह दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है। इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया में हमला हुआ था। उस वक्त एक बच्चे समेत 12 लोगों की जान गई थी। बेक्कर्सडाल के लोग इस घटना के बाद दहशत में हैं। पुलिस हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही है।
