Kanpur News: कानपुर में 1500 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और रेसलर द ग्रेट खली को कानूनी नोटिस भेजा है। पुलिस का आरोप है कि इन दिग्गजों ने मास्टरमाइंड रवींद्रनाथ सोनी की फर्जी कंपनियों का प्रचार किया था। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के अनुसार, अब तक 700 से अधिक लोग इस धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुलिस ने सोनू सूद और खली को पूछताछ के लिए बुलाया है।
रवींद्रनाथ सोनी का अंतरराष्ट्रीय जाल
ठगी का मुख्य आरोपी रवींद्रनाथ सोनी दिल्ली के मालवीय नगर का निवासी है। वह पिछले सात साल से यह फर्जीवाड़ा चला रहा था। उसकी मुख्य कंपनी का नाम ब्लूचिप कमर्शियल ब्रोकर है। यह कंपनी 2018 से सक्रिय थी। सोनी ने इसके अलावा 16 अन्य कंपनियां भी बनाई थीं। वह खुद को बड़ा निवेशक बताता था। सोनी लोगों को रियल एस्टेट और सोने की माइनिंग में निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देता था।
दुबई से फिल्मी अंदाज में फरार
जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सोनी ने निवेशकों को फंसाने के लिए दुबई में बुर्ज खलीफा के पास आलीशान दफ्तर खोला था। वह वहां बड़े इवेंट करवाता था। जब निवेशकों ने शिकायत की तो दुबई प्रशासन ने उसे देश छोड़ने से रोक दिया। सोनी ने पुलिस को बताया कि वह भेष बदलकर भागा था। उसने रेगिस्तान पार किया और ओमान के रास्ते भारत लौट आया।
सोनू सूद और खली की भूमिका पर सवाल
पुलिस की जांच में सेलिब्रिटीज की भूमिका संदिग्ध मिली है। आरोप है कि सोनू सूद और द ग्रेट खली ने वीडियो के जरिए इन योजनाओं का प्रचार किया। इससे लोगों का भरोसा सोनी की कंपनियों पर बढ़ा। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस प्रचार के लिए कितना पैसा लिया गया। क्या इन सितारों को कंपनी के फर्जीवाड़े की जानकारी थी? पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है।
SIT करेगी पैसों और क्रिप्टो की जांच
घोटाले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व एडिशनल डीसीपी क्राइम अंजलि विश्वकर्मा करेंगी। टीम में कुल 6 सदस्य शामिल हैं। SIT सोनी की 16 कंपनियों के बैंक खातों को खंगालेगी। इसके अलावा क्रिप्टोकरेंसी में हुए लेन-देन की भी जांच होगी। पुलिस सोनी और उसके साथियों की निजी संपत्ति का ब्यौरा भी जुटा रही है। अधिकतर पीड़ित भारतीय हैं, लेकिन जापान और अमेरिका के लोग भी ठगे गए हैं।
