Karnataka Oath Ceremony: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने शनिवार कर्नाटक के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सिद्धारमैया दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने हैं वहीं डीके पहली बार डिप्टी सीएम बने हैं। बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में गांधी परिवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और विपक्ष के बड़े नेताओं की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने शपथ लिया। सिद्धारमैया का राजनीतिक में 4 दशक का लंबा करियर रहा है।
बेंगलुरु में हुए नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और राकांपा अध्यक्ष शरद पवार शामिल हुए। इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, मक्कल नीडि माईम के प्रमुख कमल हसन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मंच पर मौजूद थे।