Shimla News: शिमला के विकासनगर और देवनगर इलाकों में भारी भूस्खलन हुआ है। बारिश से हुए इस भूस्खलन में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां मलबे की चपेट में आ गई हैं। घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
चार से पांच वाहनों के दबने की आशंका
विकासनगर स्थित काली माता मंदिर के पास हुए भूस्खलन में करीब चार से पांच वाहनों के दबने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी है। हादसे के बाद यह मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। दोनों ओर से यातायात बाधित हो गया है।
मेयर ने लिया नुकसान का जायजा
शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने असुरक्षित पेड़ों को तुरंत काटने के आदेश दिए। भूस्खलन के बाद कई पेड़ असुरक्षित हो गए हैं। ये पेड़ आसपास के रिहाइशी इलाकों के लिए खतरा बन गए हैं।
लगातार बारिश से राहत कार्य में बाधा
जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं। लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में बाधा डाल रही है। मौसम विभाग ने चंबा, सिरमौर, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
