Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में एक भयावह सड़क हादसा हुआ है। बिथल कालीमिट्टी के पास अचानक पहाड़ी से गिरी चट्टानें एक निजी बस पर आ गिरीं। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चट्टानों ने तोड़ा बस का आधा हिस्सा
हादसा इतना भयावह था कि चट्टानें बस का आधा हिस्सा तोड़कर अंदर तक पहुंच गईं। बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। सीट पर बैठी एक यात्री सीधे चट्टान के नीचे दब गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक को भूस्खलन की कोई भनक नहीं लगी।
मृतकों की पहचान
हादसे में लक्ष्मी वीरानी नामक एक स्थानीय यात्री और एक नेपाली मूल की महिला की मौत हो गई। दोनों की पहचान स्थानीय प्रशासन ने की है। नेपाली मूल के एक यात्री की टांगें चट्टान के नीचे दब गई थीं, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। उन्होंने घायलों को खनेरी स्थित स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। एचपी 63 ए 1891 नंबर की यह निजी बस विशाल ट्रेवल्स की थी और एनएच 05 पर चल रही थी। प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।
किन्नौर में भी हादसा
इसी सुबह किन्नौर जिले में भी भूस्खलन की एक घटना हुई थी। वहां पहाड़ी से दरकी चट्टानों की चपेट में छह ट्रक आए थे। उस हादसे में छह लोग घायल हुए थे। हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी भारी बारिश ने भूस्खलन की घटनाओं में बढ़ोतरी की है।
