Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक भीषण हत्या का मामला सामने आया है। शादी से एक दिन पहले दुल्हन अंशिका की हत्या कर दी गई। पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि वही युवक है जिससे अंशिका की शादी तय की गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रवेश कुमार ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
हत्या की वजह क्या थी?
पुलिस के अनुसार प्रवेश कुमार ने बताया कि उस पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था। वह शादी नहीं करना चाहता था। इसी कारण उसने 23 सितंबर की रात अंशिका को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। उसने शव को अधजला करने की कोशिश की। पुलिस अभी भी यह पता लगा रही है कि हत्या के लिए किस हथियार का इस्तेमाल किया गया।
चाचा पर भी संदेह
मामले में आरोपी प्रवेश के चाचा संजीव कुमार की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। जानकारी मिली है कि संजीव प्रवेश को जम्मू तक छोड़ने गया था। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। यह देखा जा रहा है कि क्या उसे हत्या की साजिश के बारे में पता था।
मां का गंभीर आरोप
मृतका अंशिका की मां ने एक गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि प्रवेश ने अंशिका के साथ कोर्ट मैरिज की थी। दोनों का प्रेम संबंध था और अंशिका चार महीने की गर्भवती थी। इस पूरे पहलू पर पुलिस गहनता से जांच कर रही है। शादी की तारीख 24 सितंबर निर्धारित की गई थी।
गांव में शोक का माहौल
उपमंडल बंगाणा की बैरियां पंचायत की 24 वर्षीय अंशिका की हत्या ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद अंशिका का अंतिम संस्कार किया गया। गांववासी इस घटना से सदमे में हैं। एक तरफ जहां डोली सजनी थी, वहीं अगले दिन अर्थी उठानी पड़ी।
पुलिस की कार्रवाई जारी
एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। रिमांड की अवधि के दौरान पुलिस हत्या के हथियार और अन्य तथ्यों का पता लगाने की कोशिश करेगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।
