शुक्रवार, दिसम्बर 19, 2025

सौरभ हत्याकांड: कैब ड्राइवर ने कोर्ट में पहचाने आरोपी, बताया हिमाचल-उत्तराखंड में कैसे बिताए 14 दिन

Share

Uttar Pradesh News: मेरठ में सौरभ हत्याकांड की सुनवाई मंगलवार को जिला जज की अदालत में हुई। इस दौरान कैब चालक अजब सिंह ने आरोपियों साहिल और मुस्कान को पहचाना। उसने बताया कि यही दोनों उसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड लेकर गए थे। अजब सिंह से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आरोपियों का सामना कराया गया।

कैब चालक ने कोर्ट में बताया कि साहिल और मुस्कान अब पहले से काफी अलग दिख रहे हैं। साहिल के बाल उस समय बड़े थे और मुस्कान की शक्ल भी बदल गई है। उसने बताया कि दोनों सामान्य दिख रहे थे और प्रेमी जोड़े की तरह व्यवहार कर रहे थे। उनके व्यवहार में किसी तरह की संदिग्ध बात नहीं दिखी।

14 दिन तक घूमते रहे आरोपी

अजब सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी 14 दिनों तक मसूरी, कसौली और शिमला में घूमते रहे। कैब की बुकिंग कंपनी से मिली थी। उसने दोनों को दिल्ली चुंगी से कार में बैठाया था। इसके बाद वे कई जगहों पर गए। दोनों ने अलग-अलग होटलों में समय बिताया।

यह भी पढ़ें:  पोक्सो मामला: रामपुर के पंचायत प्रधान पर नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, तांत्रिक बनकर करता था शोषण

अजब सिंह से कोर्ट में कई सवाल पूछे गए। पूछा गया कि मुस्कान और साहिल ने कब और कैसे कैब बुक की। कहां से दोनों कैब में सवार हुए और मेरठ से निकलने के बाद पहली बार कहां रुके। किस शहर में किस स्थान पर किस होटल में रहे और क्या खाया-पीया।

हत्याकांड की पूरी कहानी

मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर तीन मार्च की रात पति सौरभ की हत्या कर दी थी। लाश को टुकड़ों में कर नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से जमा दिया था। इसके बाद साहिल और मुस्कान चार मार्च को कैब लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड चले गए।

17 मार्च को दोनों वापस आए और 18 मार्च को केस का खुलासा हुआ। इसी दिन पुलिस ने लाश बरामद की। 19 मार्च को साहिल और मुस्कान को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। फिलहाल दोनों जेल में बंद हैं।

यह भी पढ़ें:  Himachal Pradesh News: भाजपा नेता अजय श्याम पर एफआईआर दर्ज, ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी से गहराया था विवाद

अब तक 12 गवाहों ने दी गवाही

इस मामले में अब तक कुल 12 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। इनमें सौरभ के भाई बबलू राजपूत, मां रेणु देवी शामिल हैं। चाकू बेचने वाला दुकानदार, ड्रम विक्रेता, मेडिकल स्टोर संचालक ने भी गवाही दी है। डॉक्टर, सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार और डॉ. दिनेश सिंह जैसे प्रमुख गवाह भी शामिल हैं।

वादी पक्ष के वकील विजय बहादुर सिंह ने बताया कि डिफेंस काउंसिल रेखा जैन ने मामले में समय लिया है। अब अगली सुनवाई 21 नवंबर को होगी। इस दौरान जिरह होगी। केस की सुनवाई जिला जज अनुपम कुमार की कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हो रही है। सभी गवाहों की गवाही लगभग पूरी हो चुकी है।

Read more

Related News