Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट में जल शक्ति विभाग सवालों के घेरे में आ गया है। युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर ने विभाग पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि सरकाघाट कार्यालय में टेंडर के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला हो रहा है। उन्होंने इस मामले में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से फोन पर बात की है। जल्द ही वे पूरे सबूतों के साथ लिखित शिकायत सौंपेंगे।
पीलिया से मचा हड़कंप, अधिकारी गायब
यदोपति ठाकुर ने बताया कि सरकाघाट क्षेत्र के हालात बेहद खराब हैं। यहां की 10 से 15 पंचायतों में पीलिया महामारी की तरह फैल चुका है। इस बीमारी के कारण एक महिला को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पानी के लिए तरस रही है, लेकिन अधिकारी अपनी कुर्सी से नदारद हैं। विभाग के लोग जनता की सेवा करने के बजाय चहेते ठेकेदारों की जेब भरने में लगे हैं।
आरटीआई का भी नहीं मिला जवाब
कांग्रेस नेता ने सबसे पहले फेसबुक पर इस भ्रष्टाचार की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विभाग में चल रही धांधली की जानकारी आरटीआई के जरिए मांगी गई थी। लेकिन अधिकारियों ने इसका जवाब देना भी जरूरी नहीं समझा। ठाकुर ने साफ कहा है कि जनता के पैसों की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे एक-दो दिन के भीतर सारे तथ्यों के साथ उपमुख्यमंत्री के पास जाएंगे।
दोषियों पर गिरेगी गाज: डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि लिखित शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि लगाए गए आरोपों की गहन जांच होगी। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। सरकार भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी।
