Mumbai News: बॉलीवुड के ‘भाईजान’ यानी सलमान खान आज 60 साल के हो गए हैं। उन्होंने अपना यह खास जन्मदिन लोनावाला स्थित फार्महाउस पर बहुत धूमधाम से मनाया। इस मौके पर सितारों का जमावड़ा लगा रहा। सलमान खान को बधाई देने के लिए मुंबई से 80 किलोमीटर दूर उनके दोस्त और करीबी पहुंचे। पार्टी में क्रिकेट जगत से लेकर बॉलीवुड तक की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।
एक्स-गर्लफ्रेंड और धोनी ने जमाया रंग
पार्टी में सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान की एक्स-गर्लफ्रेंड संगीता बिजलानी की रही। 65 साल की उम्र में भी वह बेहद ग्लैमरस लग रही थीं। वे सलमान खान के हर खास मौके पर उनके साथ नजर आती हैं। इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी पार्टी की शान बने। सोहेल खान, मनीष पॉल, मीका सिंह, हुमा कुरैशी और जेनेलिया देशमुख जैसे सितारे भी जश्न में शामिल हुए।
पैपराजी के साथ काटा केक
पार्टी शुरू होने से पहले सलमान खान ने मीडिया के साथियों को निराश नहीं किया। उन्होंने फार्महाउस के बाहर पैपराजी के साथ अपना जन्मदिन मनाया और केक काटा। फोटोग्राफर्स ने उन्हें ढेर सारी बधाइयां दीं। लोनावाला फार्महाउस तक पहुंचने के लिए कुछ मेहमानों ने स्कूटी का भी सहारा लिया। देर रात तक फार्महाउस पर जश्न का माहौल बना रहा।
सी-लिंक पर मिला अनोखा सम्मान
सलमान खान के 60वें जन्मदिन पर मुंबई शहर ने उन्हें एक यादगार तोहफा दिया। बांद्रा-वर्ली सी-लिंक पर उनका एक विशाल बिलबोर्ड लगाया गया। इसमें सलमान खान की तस्वीरों के साथ उनकी संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’ को रोशनी से हाईलाइट किया गया। यह मुंबई का सबसे बड़ा कैनवास माना जाता है। इस पर फीचर होना किसी भी स्टार के लिए बहुत बड़ी बात है।
