Goa News: अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर गोवा इन दिनों एक खौफनाक वारदात से दहल उठा है। पुलिस ने रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव को दो रूसी महिलाओं की गला रेतकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक तीसरी महिला की हत्या की बात भी कबूल कर ली है। इस खुलासे ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। अब जांच इस दिशा में बढ़ रही है कि क्या एलेक्सी एक प्रोफेशनल सीरियल किलर है।
एक ही पैटर्न पर किए दो सनसनीखेज मर्डर
आरोपी एलेक्सी खुद को फायर शो परफॉर्मर बताता है। उसका असली चेहरा तब सामने आया जब एक के बाद एक दो विदेशी कलाकारों की लाशें बरामद हुईं। उसकी पहली शिकार 37 वर्षीय गो-गो डांसर एलेना कस्थानोवा बनी। एलेना का शव 9 जनवरी को उसके कमरे में मिला था। आरोपी ने एलेना के हाथ रस्सी से बांधे और बेरहमी से उसका गला रेत दिया।
दूसरी शिकार 37 साल की एलेना वानेएवा बनी। पेशे से बबल परफॉर्मर वानेएवा का शव मोरजिम के एक बाथरूम में मिला था। उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। आरोपी ने वानेएवा की हत्या भी ठीक उसी तरह की जैसे पहली महिला की थी। दोनों ही मामलों में गला काटने का तरीका बिल्कुल एक जैसा पाया गया है।
तीसरी हत्या के दावे ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किल
गिरफ्तारी के बाद एलेक्सी ने पुलिस को बताया कि उसने असम की रहने वाली एक 40 वर्षीय महिला को भी मारा है। इस महिला की मौत 14 जनवरी को हुई थी। उस वक्त पुलिस ने इसे अप्राकृतिक मौत मानकर फाइल बंद कर दी थी। आरोपी का दावा है कि उसने महिला को नशा दिया और लकड़ी के डंडे से पीटकर उसे मार डाला। अब पुलिस इस पुराने केस की फाइल दोबारा खोलकर जांच कर रही है।
आखिर क्यों बना कातिल? पुलिस कर रही जांच
पुलिस पूछताछ में एलेक्सी ने हत्या की जो वजहें बताई हैं वे काफी हैरान करने वाली हैं। उसने कस्थानोवा की हत्या केवल शक के चलते की थी। वहीं वानेएवा के साथ उसका पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। अधिकारी मान रहे हैं कि आरोपी कई बातें बढ़ा-चढ़ाकर बता रहा है। हालांकि हत्या का क्रूर तरीका उसके सीरियल किलर होने की पुष्टि करता है।
गोवा में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने गोवा में विदेशी नागरिकों की सुरक्षा और उनकी निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब बिना पहचान और दस्तावेजों के रह रहे विदेशी नागरिकों की जांच तेज करेगी। रूसी दूतावास को दोनों मृत महिलाओं के बारे में औपचारिक जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
