Mandi News: किरतपुर-मनाली फोरलेन पर बना दवाड़ा फ्लाइओवर एक बार फिर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। बुधवार दोपहर फ्लाइओवर का एक पिलर पूरी तरह से टूट गया। इससे फ्लाइओवर का एक हिस्सा और गर्डर नीचे धंस गया है। पुलिस ने मंडी-कुल्लू मार्ग पर यातायात रोक दिया है।
अधिकारियों ने फ्लाइओवर की स्थिति को अत्यधिक असुरक्षित बताया है। ट्रैफिक को पुलिस की निगरानी में ही एक-एक करके निकाला जा रहा है। रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।
फ्लाइओवर के नीचे का ढांचा कमजोर पड़ चुका है। समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो पूरा फ्लाइओवर गिर सकता है। इससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। सैकड़ों यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी असुविधा हो रही है।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि मौके पर टीमें मौजूद हैं। टूटे पिलर वाले हिस्से को नीचे से सपोर्ट दिया जाएगा। इससे फ्लाइओवर के और नीचे धंसने का खतरा कम होगा। यातायात को सुचारू बनाने की कोशिश की जा रही है।
पिछले तीन महीने से फ्लाइओवर के ऊपर से वाहनों की आवाजाही बंद थी। सभी वाहन नीचे पुराने हाईवे से गुजर रहे थे। अब पिलर टूटने से नीचे का हाईवे भी खतरे में आ गया है। इससे पूरा इलाका दोनों स्तरों पर असुरक्षित हो गया है।
