हल्दी में रिंकू सिंह और चहल ने मचाया गदर, अब मसूरी पहुंचेंगे ये दिग्गज दिग्गज!

Uttarakhand News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और वंशिका की शादी की रस्में मसूरी में धूमधाम से शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को परिजनों और करीबी दोस्तों के बीच हल्दी और मेंहंदी का कार्यक्रम संपन्न हुआ। मसूरी के आलीशान ‘वैलकम होटल द सेवाय’ में पूरे दिन उत्सव का माहौल रहा। इस शादी को लेकर पूरे शहर में जबरदस्त उत्साह और चर्चा बनी हुई है। होटल को किसी दुल्हन की तरह सजाया गया है। कार्यक्रम में क्रिकेट जगत से लेकर बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई हैं।

हल्दी की रस्म में रिंकू और चहल का डांस

शुक्रवार सुबह से ही मेहमानों का मसूरी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हल्दी की रस्म के दौरान क्रिकेटर रिंकू सिंह और यजुवेंद्र चहल ने जोरदार ठुमके लगाए। इन दोनों के डांस ने महफिल में जान फूंक दी। बाद में दूल्हा बने कुलदीप यादव भी अपनी मंगेतर वंशिका के साथ थिरकते हुए नजर आए। शाम को आयोजित मेंहंदी की रस्म में ‘बिस्मिल बैण्ड’ ने अपनी प्रस्तुति से चार चांद लगा दिए। मेहमानों की लिस्ट में सुरेश रैणा, नितेश राणा और भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी शामिल हैं।

गावस्कर और गंभीर के पहुंचने की उम्मीद

शादी समारोह में शनिवार को और भी कई दिग्गज खिलाड़ी शिरकत करेंगे। सूत्रों के अनुसार, लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर, तिलक वर्मा और गौतम गंभीर शनिवार को मसूरी पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि सुनील गावस्कर का मसूरी में अपना निजी आवास भी है। इसके अलावा अभिनेता कुणाल कपूर और अमिताभ बच्चन की भतीजी नैना बच्चन भी इस विवाह उत्सव का हिस्सा बने हैं। वे फिलहाल होटल जेडब्लू मैरिएट में ठहरे हुए हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और वीआईपी मेहमान

वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए होटल ‘द सेवाय’ के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गायक कैलाश खेर भी इस समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। शनिवार को होने वाले मुख्य विवाह कार्यक्रम के लिए मसूरी में वीआईपी मेहमानों का जमावड़ा लगा हुआ है। कुलदीप और वंशिका के विवाह की तस्वीरों का सोशल मीडिया पर फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस शाही शादी ने पहाड़ों की रानी मसूरी की रौनक को और बढ़ा दिया है।

Hot this week

Related Articles

Popular Categories