गुरूवार, दिसम्बर 25, 2025

रेलू राम पुनिया: बेटी ने बर्थडे पर प्रॉपर्टी के लिए 8 लोगों को मार डाला, जानिए कितने अमीर थे पूर्व विधायक?

Share

Haryana News: हरियाणा के हिसार में हुए एक खौफनाक हत्याकांड की चर्चा फिर शुरू हो गई है। बरवाला से पूर्व विधायक रेलू राम पुनिया की हत्यारी बेटी सोनिया और दामाद संजीव जेल से बाहर आ गए हैं। 23 अगस्त 2001 को सोनिया ने प्रॉपर्टी के लालच में अपने ही जन्मदिन पर पिता समेत परिवार के 8 लोगों की हत्या कर दी थी। सोनिया अपने पिता की अरबों की संपत्ति में हिस्सा चाहती थी। लोग आज भी जानना चाहते हैं कि आखिर रेलू राम पुनिया कितने अमीर थे, जिसके लिए उनकी बेटी ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।

मिट्टी के तेल से खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य

रेलू राम पुनिया की अमीरी के किस्से आज भी हिसार में मशहूर हैं। 25 साल पहले उनके पास बेहिसाब दौलत थी। हालांकि, उनका शुरुआती जीवन बेहद गरीबी में बीता था। वे परिवार का पेट पालने के लिए लोगों की भैंसें चराते थे। बाद में वे नौकरी की तलाश में दिल्ली चले गए। वहां एक सेठ के पास काम करते हुए उन्होंने मिट्टी के तेल (केरोसीन) का बिजनेस शुरू किया। इसी कारोबार ने उनकी किस्मत पलट दी और वे करोड़ों के मालिक बन गए।

यह भी पढ़ें:  मध्य प्रदेश: 67 साल के नेता ने 25 साल की लड़की से रचाई थी दूसरी शादी, अब संदिग्ध हालत में मिली लाश

गाड़ियों के लिए लिफ्ट वाली आलीशान कोठी

पुनिया ने हिसार से 30 किलोमीटर दूर 100 एकड़ जमीन पर अपना फार्म हाउस बनाया था। इसमें दो एकड़ में उनकी आलीशान कोठी थी। कोठी का डिजाइन ऐसा था कि गाड़ियां सीधे दूसरी मंजिल (सेकेंड फ्लोर) तक जाती थीं। उस दौर में इस कोठी की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये थी। पूरे फार्म हाउस की कीमत उस समय 10 करोड़ रुपये आंकी गई थी। उन्होंने साल 1996 में निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी।

दिल्ली से लेकर हिसार तक बेहिसाब संपत्ति

संपत्ति के मामले में रेलू राम का कोई सानी नहीं था। उनके पास फरीदाबाद में एक करोड़ का बंगला था। इसके अलावा दिल्ली और नांगलोई में 10 दुकानें और अन्य संपत्तियां थीं, जिनकी कीमत उस समय 10 करोड़ रुपये थी। उनके पास कई महंगी गाड़ियां, भारी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी मौजूद थी। यह सारी दौलत उन्होंने अपनी मेहनत और केरोसीन के बिजनेस से बनाई थी। यही दौलत अंत में उनके परिवार के खात्मे की वजह बनी।

जन्मदिन की पार्टी मातम में बदली

रेलू राम पुनिया की बेटी सोनिया ने जूडो खिलाड़ी संजीव से लव मैरिज की थी। पिता इस शादी के खिलाफ थे। 23 अगस्त 2001 को सोनिया का जन्मदिन था। वह अपने पति के साथ पिता के फार्म हाउस पर आई थी। वह एक अकादमी खोलना चाहती थी और पिता से संपत्ति में हिस्सा मांग रही थी। रेलू राम ने उसे कुछ भी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद सोनिया और संजीव ने लोहे की रॉड से हमला कर रेलू राम, उनकी पत्नी और परिवार के कुल 8 लोगों को मौत के घाट उतार दिया।

यह भी पढ़ें:  सहारा समूह: ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 9 ठिकानों पर छापेमारी की, जब्त किए गए दस्तावेज

फांसी की सजा और रिहाई

हत्याकांड के बाद सोनिया और संजीव को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, फांसी देने में हुई देरी के कारण सुप्रीम कोर्ट ने सजा को उम्रकैद में बदल दिया। दोनों लंबे समय से जेल में बंद थे। हाल ही में उन्होंने समय से पहले रिहाई के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी। संजीव 13 दिसंबर को जेल से बाहर आया, जबकि सोनिया को बेल बॉन्ड भरने के बाद चार दिन बाद रिहाई मिली।

Poonam Sharma
Poonam Sharma
एलएलबी और स्नातक जर्नलिज्म, पत्रकारिता में 11 साल का अनुभव।

Read more

Related News