Himachal News: शिमला जिले के रामपुर में एक पंचायत प्रधान पर तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर 13 वर्षीय लड़की के साथ दुराचार का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी किशोरी लाल को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामला रामपुर की एक दुर्गम पंचायत का है।
आरोप है कि प्रधान ने 15 और 17 अक्टूबर को लड़की को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया। उसने तंत्र-मंत्र का बहाना बनाकर नाबालिग का यौन शोषण किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
रुद्राक्ष माला को लेकर किया भ्रमित
21 सितंबर को लड़की स्कूल जा रही थी तभी प्रधान ने उसे रोका। उसने लड़की के हाथ में पहनी रुद्राक्ष माला के बारे में पूछा। यह माला लड़की को उसकी सहेली ने उपहार में दी थी। आरोपी ने माला को छूकर लड़की को झटका लगने का दावा किया।
प्रधान ने कहा कि वह तंत्र-मंत्र जानता है। उसने लड़की को डराया कि माला को मंत्रों से पवित्र करना जरूरी है। अन्यथा उसके परिवार के सदस्यों की मौत हो जाएगी। इस डर के कारण लड़की उसके साथ घर गई।
दो बार किया यौन शोषण
15 अक्टूबर को आरोपी ने लड़की को अपने घर बुलाया। उसने तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर उसका यौन शोषण किया। दो दिन बाद 17 अक्टूबर को उसने फिर लड़की को अपने घर बुलाया। इस बार भी उसने नाबालिग के साथ दुराचार किया।
आरोपी ने मुस्लिम तंत्र विद्या का डर दिखाकर लड़की को भ्रमित रखा। लड़की ने घर वालों को सारी बात बताई। परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
रामपुर के झाकड़ी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65 और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
आरोपी प्रधान ने लड़की के परिजनों के खिलाब मारपीट की शिकायत दर्ज की है। पुलिस इस शिकायत की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोग इस घटना से सदमे में हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
