Rae Bareli News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान बृहस्पतिवार को बड़ा विवाद हुआ। BJP मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और सैकड़ों समर्थकों ने उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने ‘राहुल गांधी वापस जाओ’ के नारे लगाए और सड़क पर बैठकर विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
राहुल गांधी अपने लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में दो दिवसीय दौरे पर हैं। घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के महावीर डिग्री कॉलेज के सामने हुई। BJP नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ देर रुकने के बाद राहुल गांधी आगे बढ़ने में सफल रहे।
BJP नेता ने दिया यह बयान
राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गवासी मां के बारे में बोले गए शब्दों पर बोलना चाहिए था। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी देश की माताओं से माफी मांगें। सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ऐसे लोगों का समर्थन कर रहे हैं।
राहुल गांधी का कार्यक्रम जारी रहा
विरोध प्रदर्शन के बावजूद राहुल गांधी ने अपना कार्यक्रम जारी रखा। वह बछरावां कस्बा पहुंचे जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने बूथ स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
रायबरेली में राहुल गांधी ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा दोहराया। उन्होंने कहा कि यह नारा पूरे देश में साबित हो चुका है। उन्होंने कहा कि वे इसे आगे भी साबित करते रहेंगे। कांग्रेस नेता का दौरा शुक्रवार तक जारी रहेगा।
