India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को गुड़ी पड़वा, उगादी, चेटी चांद, नवरेह और साजिबू चेइराओबा जैसे कई क्षेत्रीय नव वर्ष के त्योहारों के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पीएम मोदी ने चैत्र नवरात्रि के पहले दिन भी लोगों को हार्दिक मंगलकामनाएं देते हुए सबके सुख, सौभाग्य और समृद्धि की कामना की।
नवरात्रि और नव संवत्सर की दी शुभकामनाएं
पीएम मोदीने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले त्योहारों पर लोगों को बधाई दी। नवरात्रि पर उन्होंने कहा, “देशभर के मेरे परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं। शक्ति की आराधना का यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख, सौभाग्य, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।” उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से सबका कल्याण हो और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिले।
नव संवत्सर की बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “देशवासियों को नव संवत्सर की अनंत शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह नया साल आप सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना को और सशक्त करे, जो देश के निर्माण की कोशिशों को भी नई मजबूती दे।”
गुड़ी पड़वा और उगादी पर बोले पीएम
पीएम मोदीने गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर महाराष्ट्र और गोवा के लोगों को पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि यह नया साल जीत, खुशहाली और नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व हर किसी के लिए खुशी, अच्छी सेहत और समृद्धि लाए।
वहीं, उगादी के अवसर पर कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बसंत के आगमन के साथ खिले फूलों की खुशबू और मौसमी फलों का आगमन नई ऊर्जा और नई संभावनाओं का संकेत देते हैं। यह किसानों के लिए नई फसल की तैयारी शुरू करने का दौर भी है।


