रविवार, दिसम्बर 21, 2025

पीएम मोदी: कांग्रेस कर रही ‘राष्ट्रविरोधी’ काम, असम में बसा रही अवैध घुसपैठिए; नामरूप रैली में विपक्ष पर जमकर बरसे

Share

Assam News: प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने रविवार को असम के डिब्रूगढ़ में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर ‘राष्ट्रविरोधी’ गतिविधियों में शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया। नामरूप में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम में अवैध बांग्लादेशियों को बसाने की कोशिश कर रही है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि विपक्षी पार्टी केवल अपने वोटबैंक के लिए असमिया लोगों की पहचान और सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। इससे पहले उन्होंने यहां 10,601 करोड़ रुपये के नए उर्वरक संयंत्र का उद्घाटन किया।

‘कांग्रेस को जनता की परवाह नहीं’

पीएम मोदी ने रैली में कहा कि कांग्रेस का असम के लोगों के गौरव और अस्तित्व से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाता सूची में संशोधन का विरोध कर रहा है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता हथियाना चाहती है और उन्हें जनता की कोई परवाह नहीं है। पीएम मोदी ने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार असमिया लोगों की जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए हमेशा काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले दशकों में देश को जो नुकसान पहुंचाया है, उसे सुधारने में समय लग रहा है।

यह भी पढ़ें:  Himachal Pradesh: चुनाव की सुगबुगाहट के बीच पंचायतों में विकास ठप, लाखों का बजट धूल फांकने को मजबूर

भूपेन हजारिका का अपमान भूला नहीं असम

प्रधानमंत्री ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने याद दिलाया कि जब हमारी सरकार ने भूपेन दा को भारत रत्न दिया, तो कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे ‘नाचने-गाने वालों’ का सम्मान बताया था। पीएम ने इसे असम के हर व्यक्ति का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य असम को अहोम साम्राज्य जैसा शक्तिशाली बनाना है। ‘डबल इंजन’ सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने में जुटी है।

किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

नामरूप उर्वरक संयंत्र के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि इससे स्थानीय किसानों को बहुत मदद मिलेगी। यह संयंत्र असम में औद्योगिक विकास का नया प्रतीक बनेगा। उन्होंने दुख जताया कि कांग्रेस ने पुराने संयंत्र को आधुनिक बनाने की कभी कोशिश नहीं की। तकनीकी खामियों के कारण पुरानी यूनिट्स बंद हो गई थीं। नया प्लांट शुरू होने से युवाओं के लिए हजारों रोजगार पैदा होंगे। पीएम मोदी ने बताया कि इस प्लांट की क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन है। इससे खाद की आपूर्ति सस्ती और आसान होगी।

यह भी पढ़ें:  Bitcoin: इतिहास की सबसे बड़ी मंदी शुरू, रिच डैड पुअर डैड लेखक की खतरनाक भविष्यवाणी

चाय बागान श्रमिकों पर विशेष ध्यान

पीएम मोदी ने भाषण के दौरान चाय बागान श्रमिकों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को असम की ‘ब्लैक टी’ उपहार में दी गई थी। पीएम ने कहा कि 7.5 लाख चाय बागान श्रमिकों के जन धन खाते खोले गए हैं। अब सरकारी मदद सीधे उनके बैंक खातों में आती है। इससे बिचौलियों का खेल खत्म हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के विकास के बिना भारत की तरक्की संभव नहीं है।

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तभी आगे बढ़ेगा जब किसान समृद्ध होंगे। पीएम मोदी ने बताया कि 2014 में यूरिया उत्पादन 225 लाख मीट्रिक टन था। अब यह बढ़कर 306 लाख मीट्रिक टन हो गया है। सरकार पाम ऑयल मिशन के जरिए भी किसानों की आय बढ़ाने की कोशिश कर रही है। पीएम ने किसानों से अपील की कि वे यूरिया का सीमित इस्तेमाल करें ताकि मिट्टी खराब न हो। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए अब तक 4 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों को भेजे गए हैं।

Poonam Sharma
Poonam Sharma
एलएलबी और स्नातक जर्नलिज्म, पत्रकारिता में 11 साल का अनुभव।

Read more

Related News