शुक्रवार, दिसम्बर 19, 2025

पीएम मोदी: पुतिन का बड़ा वादा, भारत को मिलेगी पोर्टेबल न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी, 2030 तक 100 अरब डॉलर का टारगेट

Share

New Delhi: राजधानी दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम बैठक हुई। इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। पुतिन ने भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए लगातार ईंधन सप्लाई जारी रखने का ऐलान किया। सबसे बड़ी बात यह रही कि रूस अब भारत को ‘स्मॉल पोर्टेबल न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी’ देगा। पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाई, वहीं पुतिन ने व्यापार बढ़ाने के लिए बड़े लक्ष्यों की घोषणा की।

2030 तक 100 बिलियन डॉलर का व्यापार

राष्ट्रपति पुतिन ने भारत और रूस के व्यापारिक रिश्तों पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि साल 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार 100 बिलियन डॉलर (लगभग 8.4 लाख करोड़ रुपये) के आंकड़े को पार कर जाएगा। पुतिन ने बताया कि पीएम मोदी ने उन्हें व्यापार में आ रही दिक्कतों की एक लिस्ट सौंपी है। रूस इन समस्याओं को दूर करने पर गंभीरता से काम करेगा। मास्को और नई दिल्ली के बीच हुए समझौतों का मुख्य मकसद आर्थिक सहयोग को और विस्तृत करना है।

यह भी पढ़ें:  बीजेपी सांसद भोला सिंह: विदेशी फोन पर भगवा रंग होने को कहा स्वदेशी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

भारत को मिलेगी परमाणु तकनीक

रूसी राष्ट्रपति ने अपनी 10 मिनट की स्पीच में कई बड़े एलान किए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा से लेकर अर्थव्यवस्था तक कई अहम समझौते हुए हैं। रूस भारत को छोटी पोर्टेबल न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी ट्रांसफर करेगा। यह तकनीक भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में गेम चेंजर साबित होगी। पुतिन ने कहा कि यह समझौतों का एक ठोस पैकेज है, जो दोनों देशों के सहयोग की व्यापकता को दिखाता है।

आतंकवाद पर पीएम मोदी का कड़ा संदेश

साझा बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने साफ कहा कि भारत और रूस लंबे समय से आतंक के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। पीएम मोदी ने पहलगाम और रूस के क्रोकस सिटी हॉल में हुए हमलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है और दोनों देश मिलकर इसका मुकाबला करेंगे।

यह भी पढ़ें:  दिल्ली ब्लास्ट: पीएम मोदी की अध्यक्षता में सीसीएस की उच्चस्तरीय बैठक, आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की घोषणा

फोन पर होती रहती है सीधी बात

पुतिन ने रणनीतिक बातचीत के लिए पीएम मोदी का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि मोदी के साथ उनका रिश्ता बेहद मजबूत है। वे नियमित रूप से फोन पर बात करते हैं और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करते हैं। पुतिन ने गुरुवार रात आयोजित प्राइवेट डिनर और गर्मजोशी से स्वागत के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की।

Poonam Sharma
Poonam Sharma
एलएलबी और स्नातक जर्नलिज्म, पत्रकारिता में 11 साल का अनुभव।

Read more

Related News