Indore News: सीमा पार से एक महिला ने पीएम मोदी से मदद की गुहार लगाई है। पाकिस्तान की निकिता नागदेव ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निकिता का कहना है कि उनके पति विक्रम नागदेव इंदौर में रहते हैं। विक्रम ने उन्हें धोखे से पाकिस्तान वापस भेज दिया। अब वह भारत में दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। निकिता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पीएम मोदी से न्याय मांगा है। यह मामला अब अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है।
कराची में सात फेरे, इंदौर में धोखा
निकिता के मुताबिक, उन्होंने 26 जनवरी 2020 को कराची में विक्रम से शादी की थी। विक्रम पाकिस्तानी मूल के हैं, लेकिन वह भारत में वीज़ा पर रहते हैं। निकिता शादी के बाद भारत आईं। निकिता का आरोप है कि पति ने कुछ महीनों बाद ही उन्हें छोड़ दिया। उन्होंने पीएम मोदी से गुजारिश की है कि विक्रम को दूसरी शादी करने से रोका जाए। निकिता का कहना है कि वह अभी भी कानूनी रूप से विक्रम की पत्नी हैं।
वीज़ा का बहाना और बॉर्डर पर छोड़ा
निकिता ने वायरल वीडियो में अपनी आपबीती सुनाई है। विक्रम ने 9 जुलाई 2020 को उन्हें वीज़ा की समस्या बताई। इसके बाद वह निकिता को अटारी बॉर्डर ले गया। वहां विक्रम ने निकिता को जबरदस्ती पाकिस्तान भेज दिया। निकिता ने आरोप लगाया कि पति ने उन्हें वापस लाने की कोई कोशिश नहीं की। निकिता ने कहा, “मैं रोज उनसे भारत बुलाने की विनती करती रही। लेकिन वह अब दिल्ली की लड़की से शादी कर रहे हैं।”
ससुर ने दिया अजीब जवाब
निकिता ने पति के चरित्र पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विक्रम का अपने रिश्तेदार के साथ अफेयर था। निकिता ने जब ससुर को यह बात बताई, तो उन्होंने इसे सामान्य बताया। ससुर ने कहा कि लड़कों के अफेयर होते ही रहते हैं। कोरोना लॉकडाउन के दौरान ससुराल वालों ने निकिता को पाकिस्तान जाने पर मजबूर किया। इसके बाद विक्रम ने निकिता से सारे रिश्ते तोड़ लिए।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
निकिता ने 27 जनवरी 2025 को मामले की लिखित शिकायत दी। मामला सिंधी पंच मेडिएशन काउंसिल तक पहुंचा। काउंसिल ने विक्रम और उसकी मंगेतर को नोटिस भेजा। मध्यस्थता की कोशिशें नाकाम रहीं। रिपोर्ट में विक्रम को पाकिस्तान भेजने का सुझाव दिया गया है। इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। निकिता का कहना है कि अगर पीएम मोदी के राज में उन्हें न्याय नहीं मिला, तो महिलाओं का विश्वास टूट जाएगा।
