Rajasthan News: रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की तरफ देश ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। राजस्थान के पोखरण में सोलर ग्रुप द्वारा निर्मित पिनाका एक्सटेंडेड रेंज (ईआर) रॉकेट्स के प्रोडक्शन बैच का सफल परीक्षण किया गया। पहली बार किसी निजी कंपनी ने 24 गाइडेड पिनाका रॉकेट्स के साथ सटीकता, मारक क्षमता और 50 किमी से अधिक रेंज का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया है।
90 किमी स्ट्राइक पॉवर वाले रॉकेट का परीक्षण
दुनियामें जारी तनाव के माहौल के बीच भारत ने 90 किमी स्ट्राइक पॉवर वाले पिनाका ईआर रॉकेट का परीक्षण कर बड़ा रणनीतिक संदेश दिया है। पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में किए गए इस परीक्षण के दौरान कुल 24 रॉकेट दागे गए, जिनमें उनकी सटीकता, स्थिरता और मारक क्षमता को परखा गया। कंपनी के मुताबिक, सभी रॉकेट ने फील्ड कंडीशन में शानदार प्रदर्शन किया। पिनाका ईआर भविष्य के युद्धों में गेम चेंजर साबित होने जा रहा है।
क्या है पिनाका सिस्टम?
पिनाकाएक मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम (एमएलआरएस) है। यह एक लंबी दूरी तक मार करने वाला आर्टिलरी हथियार है, जिसे रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने भारतीय सेना के लिए विकसित किया है। यह सिस्टम तेज प्रतिक्रिया और सटीक हमले के लिए जाना जाता है, जिससे सेना की युद्ध क्षमता काफी बढ़ जाती है। कुछ हद तक यह क्रूज मिसाइल की तरह काम करता है।
भारतीय सेना का इस स्वदेशी हथियार सिस्टम को मजबूत समर्थन मिला हुआ है। अभी तक भारत के पास पिनाका मार्क-1 और पिनाका मार्क-2 ऑपरेशनल हो चुके हैं। वहीं पिनाका मार्क-3 विकास के चरण में है और इसके आगे मार्क-4 और मार्क-5 की तैयारी भी है।


