Shimla News: नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर 5 के खोपड़ी में गत माह से बार-बार तेंदुआ दिखने के कारण लोग दहशत में है। तेंदुए के खौफ से लोगों का रात के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। लोगों का कहना है कि बीते महीने से तेंदुए के दहाड़ सुनने से लोग खौफ में जी रहे है।
उनका कहना है कि शाम को लगभग सात बजते ही तेंदुए का रिहायशी इलाके में आगमन हो जाने से लोगों में डर का माहौल है। शाम होते ही लोगों को घर के अंदर कैद होना मजबूरी बन गई है। गौर हो कि इसी वार्ड में पहले भी तेंदुए ने कई पालतू पशु व कुत्तों को अपना निवाला बनाया था और वर्तमान में भी तेंदुए ने इस क्षेत्र को अपना अड्डा बना रखा है।
बताते चलें कि बीते दिन तेंदुए ने वहां पर गाय के बछड़े को अपना शिकार बनाया और कई कुत्तों की जान पर भी हावी हुआ है। स्थानीय निवासी जगदीश चौहान ने बताया कि हर रोज शाम को तेंदुआ इस क्षेत्र में घूमता दिखता है, जिससे लोग अपने घर में छोटे बच्चों को तेंदुए के डर से अकेला नहीं छोड़ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभी तो यह खूंखार तेंदुआ रिहायशी इलाके में पालतू पशुओं व कुत्तों को अपना शिकार बना रहा है, अगर समय रहते इसे पकड़ा नहीं गया तो यह खूंखार तेंदुआ कभी भी जानी नुकसान पहुंचा सकता है। उधर, सुनील श्याम ने बताया कि यहां पर झाडिय़ां अधिक होने से तेंदुए को छिपना आसान हो गया है।
लोगों द्वारा ध्यान दिलाने के बाद ही वन विभाग रामपुर मंडल हरकत में आया और शुक्रवार सुबह यह पर इसी तेंदुए की धर पकड़ के लिए पिंजरा रखा गया, ताकि तेंदुए को जल्द ही पकड़ा जा सके। लोग कई बार इस समस्या के बारे में वन विभाग व यहां के पार्षद को अवगत करवा चुके थे, पर देर से सही अब वन विभाग ने पिंजरा लगा दिया है, ताकि लोगों को डर के साए में जीने को मजबूर न होना पड़े।