International News: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि अफगान तालिबान के पाकिस्तान पर हमलों के पीछे भारत का हाथ है। आसिफ का कहना है कि पाकिस्तान पर हमले के फैसले काबुल की बजाय नई दिल्ली में लिए जा रहे हैं। यह बयान अफगान-पाकिस्तान सीमा पर हुई हालिया झड़पों के बाद आया है।
अफगानों पर छद्म युद्ध का आरोप
ख्वाजा आसिफ ने कहा कि अफगान इस समय भारत के लिए छद्म युद्ध लड़ रहे हैं। उन्होंने अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच हुए युद्धविराम समझौते के बारे में भी तालिबान की मंशा पर संदेह जताया। पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर बीते हफ्ते भीषण झड़पें हुई हैं। इन झड़पों में पाकिस्तान के 58 सैनिकों की मौत की बात तालिबान ने कही है।
मुत्तकी की भारत यात्रा को लेकर आरोप
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी की भारत यात्रा को सीमा संघर्ष से जोड़ा। आसिफ ने कहा कि मुत्तकी की भारत यात्रा के दौरान पाकिस्तान विरोधी योजनाएं बनाई गईं। उन्होंने दावा किया कि आधिकारिक तौर पर यह दौरा व्यापार पर केंद्रित बताया गया लेकिन पर्दे के पीछे इसके दूसरे उद्देश्य थे।
सीमा पर जारी है तनाव की स्थिति
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते हफ्ते से तनाव बना हुआ है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में टीटीपी को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए थे। इसके बाद अफगान तालिबान ने जवाबी हमला किया। तालिबान बलों ने सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला कर कई चौकियों पर कब्जा कर लिया। इससे दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया।
युद्धविराम के बाद भी बरकरार तनातनी
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कतर और सऊदी अरब की मध्यस्थता में युद्धविराम हुआ है। हालांकि जंग रुकने के बाद भी तनातनी बरकरार है। पाकिस्तान का कहना है कि अफगानिस्तान में टीटीपी जैसे गुटों को पनाह मिल रही है। ये गुट पाकिस्तानी भूमि पर हमले कर रहे हैं। तालिबान इससे इनकार करता है लेकिन पाकिस्तान लगातार अपने आरोप दोहराता रहता है।
