Pakistan News: पाकिस्तान के 79वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान कराची शहर में हुई हवाई फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 साल की एक बच्ची और एक वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। यह घटना अजीजाबाद और कोरंगी इलाके में हुई, जहां जश्न मनाने वालों की गोलियों से निर्दोष लोगों की जान चली गई।
कराची के कई इलाकों में हुई फायरिंग
स्थानीय पुलिस के अनुसार, कराची के कई प्रमुख इलाकों में फायरिंग की घटनाएं दर्ज की गईं। प्रभावित क्षेत्रों में लियाकताबाद, कोरंगी, लियारी, महमूदाबाद, अख्तर कॉलोनी, केमारी, जैक्सन, बाल्डिया, ओरंगी टाउन और पापोश नगर शामिल हैं। शरीफाबाद, नॉर्थ नाज़िमाबाद, सुरजानी टाउन, जमान टाउन और लांधी जैसे इलाके भी इससे प्रभावित हुए हैं।
पुलिस ने की 20 संदिग्धों की गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विभिन्न क्षेत्रों से 20 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से आधुनिक हथियार और गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हवाई फायरिंग में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घायलों का अस्पतालों में इलाज
फायरिंग में घायल हुए लोगों को सिविल, जिन्ना और अब्बासी शहीद अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, कुछ मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हर साल दोहराती है दर्दनाक घटना
पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हवाई फायरिंग की घटनाएं हर साल सामने आती हैं। 2024 में भी ऐसी ही एक घटना में एक बच्चे की मौत हुई थी और 95 से अधिक लोग घायल हुए थे। एआरवाई न्यूज के अनुसार, जनवरी 2024 में कराची शहरभर में हुई फायरिंग की विभिन्न घटनाओं में कम से कम 42 लोगों की जान गई थी और 233 लोग घायल हुए थे।
इस घटना ने एक बार फिर पाकिस्तान में जश्न मनाने के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने हवाई फायरिंग रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं, लेकिन हर साल यह समस्या दोहराई जाती है।
