Shimla News: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा के मानसून सत्र को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंजूरी दे दी है। सत्र 18 सितंबर को दोपहर दो बजे से शुरू होगा। 14वीं विधानसभा के तीसरे सत्र में प्रदेश में आई आपदा पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
विपक्ष इस दौरान राज्य सरकार को आपदा में व्यवस्थाओं पर घेरने का प्रयास करेगा। इससे पूर्व भी विपक्ष ने मानसून सत्र में देरी के आरोप लगाए थे। हालांकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में आपदा से निपटने को सरकार की पहली प्राथमिकता बताया था। गौरतलब है कि बीते दिनों प्रदेश में आई भीषण आपदा की वजह से सत्र करीब एक महीने की देरी के साथ शुरू हो रहा है।
मानसून सत्र 25 सितंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बरसात में हुई तबाही की वजह से सत्र को सितंबर महीने में आयोजित करने का फैसला किया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात की थी और इस दौरान उन्होंने प्रदेश में मानसून की वजह से हुए नुकसान की जानकारी उन्हें दी थी। फिलहाल, विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा।