New Delhi News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ट्रंप की तुलना तानाशाह हिटलर और मुसोलिनी से कर दी है। इसके साथ ही खरगे ने PM Modi की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि PM Modi अमेरिकी राष्ट्रपति की मांगों के आगे झुक रहे हैं। यह पूरा विवाद वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई और भारत पर रूस से तेल आयात घटाने के दबाव को लेकर खड़ा हुआ है।
‘हिटलर-मुसोलिनी जैसा है ट्रंप का रवैया’
खरगे ने कहा कि आज वेनेजुएला में जो हो रहा है, वह पूरी दुनिया के लिए खतरनाक संकेत है। ट्रंप अपनी ताकत दिखाकर दुनिया के लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से बाहर कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इतिहास गवाह है कि विस्तारवाद की सोच रखने वाले नहीं टिकते। हिटलर और मुसोलिनी ने भी अपने क्षेत्र को बढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन उनका अंत बुरा हुआ। दुनिया ट्रंप की तानाशाही के सामने कभी नहीं झुकेगी।
‘मोगैंबो खुश हुआ’- खरगे का तंज
कांग्रेस अध्यक्ष ने बॉलीवुड फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ का जिक्र करते हुए PM Modi और ट्रंप पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि ट्रंप का व्यवहार देखकर मशहूर डायलॉग ‘मोगैंबो खुश हुआ’ याद आता है। खरगे ने पूछा कि जब ट्रंप जैसे लोग भारत को डरा रहे हैं, तो PM Modi उनके सामने क्यों झुक रहे हैं? उन्होंने कहा कि ट्रंप की धमकियां देश का अपमान हैं। ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री पूरी तरह से ट्रंप के नियंत्रण में हैं। देश को नुकसान हो रहा है और सरकार को इसके खिलाफ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
रूस से तेल और टैरिफ की धमकी
ट्रंप ने हाल ही में भारत को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर भारत रूस से तेल खरीदना कम नहीं करता, तो वे भारतीय सामानों पर टैरिफ बढ़ा देंगे। खरगे ने इस पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप खुद को महान समझते हैं और सोचते हैं कि दुनिया उनके कदमों में झुक जाएगी। ट्रंप ने 70 बार दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को खत्म करवाया है। लेकिन हम लोकतंत्र में रहते हैं। हमारी नीति नेहरू जी की ‘जियो और जीने दो’ वाली है। हम किसी के दबाव में काम नहीं करेंगे।
