Bihar News: बिहार की राजनीति में सहरसा से नवनिर्वाचित विधायक आईपी गुप्ता इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक मुंबई में अपने परिवार के साथ फुर्सत के पल बिताते नजर आ रहे हैं। चुनावी भागदौड़ के बाद वे सुकून की तलाश में मुंबई पहुंचे हैं। खास बात यह है कि विधायक के मुंबई पहुंचने की खबर मिलते ही उनकी साली भी उनसे मिलने वहां पहुंच गईं।
मुंबई में साली के साथ पुरानी यादें
आईपी गुप्ता ने खुद अपने फेसबुक पेज पर यह वीडियो साझा किया है। वीडियो में वे काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि चुनावी व्यस्तता के कारण पिछले चार-पांच महीनों से उन्हें अपने परिवार के लिए समय नहीं मिल पा रहा था। अब मुंबई आकर उन्हें बहुत सुकून मिल रहा है। विधायक ने बताया कि उनकी साली पिंकी को जब उनके मुंबई आने की खबर मिली, तो वह अकोला से चलकर उनसे मिलने आ गईं।
वीडियो में आईपी गुप्ता पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहते हैं कि जीजा के एमएलए बनने की खुशी में साली मिलने आई है। उन्होंने बताया कि 15 साल पहले वे, उनकी पत्नी और पिंकी खूब मस्ती किया करते थे। आज मुंबई में वही पुराना दौर और मस्ती वापस लौट आई है।
इंजीनियर से विधायक बनने का सफर
आईपी गुप्ता का पूरा नाम इंजीनियर इंद्र भूषण गुप्ता है। 55 वर्षीय गुप्ता पेशे से एक सिविल इंजीनियर और व्यवसायी हैं। वे मूल रूप से जमुई जिले के पतौना गांव के निवासी हैं। उन्होंने हरियाणा की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (रोहतक) से एमटेक की डिग्री हासिल की है। राजनीति में आने से पहले उन्होंने अपने पेशेवर जीवन में काफी सफलता हासिल की। वे अखिल भारतीय पान महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं।
तेजस्वी यादव के साथ गठबंधन और जीत
राजनीतिक सफर की बात करें तो आईपी गुप्ता पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। साल 2020 में उन्होंने सिकंदरा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2025 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने अपनी रणनीति बदली। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी नई पार्टी ‘इंडियन इनक्लुसिव पार्टी’ (IIP) बनाई।
चुनाव से पहले उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ बैठक की और महागठबंधन में शामिल हो गए। उन्हें तीन सीटें मिलीं। सहरसा विधानसभा सीट से उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। आईपी गुप्ता ने 1 लाख 15 हजार वोट हासिल कर बीजेपी के दिग्गज नेता आलोक रंजन झा को दो हजार वोटों से हराया।
