New Delhi News: कड़ाके की ठंड के बीच भारत की बेटी ने एक नया इतिहास रच दिया है। नौसेना अधिकारी की 18 वर्षीय बेटी काम्या कार्तिकेयन दक्षिणी ध्रुव (South Pole) तक स्की करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बन गई हैं। भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर काम्या को इस साहस भरे कारनामे के लिए बधाई दी है।
115 किलोमीटर का मुश्किल सफर
भारतीय नौसेना के मुताबिक, काम्या के लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। उन्होंने माइनस 30 डिग्री सेल्सियस के जमा देने वाले तापमान का सामना किया। उन्होंने तेज तूफानी हवाओं के बीच करीब 115 किलोमीटर (60 नॉटिकल मील) की दूरी तय की। काम्या 27 दिसंबर 2025 को दक्षिणी ध्रुव पहुंचीं। खास बात यह रही कि इस दौरान उन्होंने अपने अभियान का सामान लदी स्लेज को खुद खींचा।
दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला
काम्या नौसेना चिल्ड्रन स्कूल (NCS) की पूर्व छात्रा रही हैं। वह अब दक्षिणी ध्रुव तक स्की करने वाली दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला भी बन गई हैं। भारतीय नौसेना ने इंटरनेट मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उनके अभियान के वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं। काम्या का यह जज्बा देश के युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल है।
