Himachal News: हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के तीन साल पूरे होने पर जश्न की तैयारी है। 11 दिसंबर को मंडी के पड्डल मैदान में ‘जन संकल्प सम्मेलन’ रैली होगी। इस कारण पुलिस ने शहर के लिए नया मंडी ट्रैफिक प्लान जारी किया है। गुरुवार को शहर में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। बस स्टैंड के बाहर भी टैक्सी और ऑटो पार्क नहीं होंगे। शहर में यातायात व्यवस्था वन-वे रहेगी।
बसों के लिए रूट और पार्किंग व्यवस्था
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने रैली में आने वाली बसों के लिए रूट तय किए हैं। बिलासपुर और सुंदरनगर की बसें होटल वैली व्यू (ओल्ड एनएच-21) के पास सवारियां उतारेंगी। इसके बाद ये बसें मलोरी टनल के आगे फोरलेन पर खड़ी होंगी। कुल्लू, मनाली और पंडोह की बसें आईएसबीटी मंडी के पास यात्रियों को उतारेंगी। ये बसें बिंद्रावणी के आगे पार्क की जाएंगी। जोगिंद्रनगर रूट की बसें सवारियां उतारकर विक्टोरिया ब्रिज के पास नदी किनारे खड़ी होंगी। वापसी में यात्रियों को पुलघराट, भ्यूली और विक्टोरिया ब्रिज से बसों में बैठाया जाएगा।
शहर में वन-वे ट्रैफिक और पार्किंग
नए मंडी ट्रैफिक प्लान के अनुसार शहर के अंदर वन-वे सिस्टम लागू रहेगा। गांधी चौक से विक्टोरिया ब्रिज का रास्ता केवल जाने के लिए (वन-वे) होगा। हालांकि, दोपहिया और तिपहिया वाहनों को छूट मिलेगी। तल्याहड़ से बस स्टैंड आने वाली बसें सन्यारडी बाईपास होकर जाएंगी। वहीं, मंडी से तल्याहड़ जाने वाली बसें स्कोडी ब्रिज से जेल रोड होकर गुजरेंगी। पुलिस ने छोटी गाड़ियों (LMV) के लिए भी इंतजाम किए हैं। शहर और आसपास करीब एक हजार वाहनों के लिए फ्री और पेड पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।
