Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने गए राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के व्यवहार को निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सुनियोजित तरीके से विरोध कर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया और आपदा प्रभावितों के पुनर्वास में बाधा डालने की कोशिश की।
भाजपा का रवैया अमानवीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आपदा प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता नहीं पहुंचने देना चाहती। जिन लोगों ने सब कुछ खोया है, उनके लिए मदद में रुकावट डालना गलत है। उन्होंने भाजपा के इस आचरण को मानवीय संवेदनाओं के खिलाफ बताया।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
राज्य सरकार प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि राहत और पुनर्वास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि हिंसक प्रदर्शन और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश संवेदनहीनता है।

अब तक 62 लोगों पर दर्ज हुई FIR
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के थुनाग में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन ने कानूनी रूप ले लिया है। जंजैहली थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित 62 लोगों के खिलाफ तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। इनमें रास्ता रोकने, काले झंडे दिखाने, पत्थरबाजी और जूता फेंकने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं जगदीश रेड्डी और वीरेंद्र कुमार ने ये शिकायतें दर्ज कराई हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
