India News: पर्याप्त भंडार के बावजूद रसोई गैस सिलेंडरों की कृत्रिम कमी ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इस समस्या से निपटने के लिए शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा समेत कई राज्यों में बड़े पैमाने पर छापेमारी कर हजारों अवैध सिलेंडर जब्त किए गए और कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
उत्तर प्रदेश: खुर्जा में अवैध रिफिलिंग का पर्दाफाश
उत्तर प्रदेश मेंशुक्रवार को 1483 स्थानों पर छापेमारी के बाद शनिवार को भी कार्रवाई जारी रही। खुर्जा में शिवांश भारत गैस एजेंसी पर छापा मारकर अवैध गैस रिफिलिंग का बड़ा रैकेट पकड़ा गया। मौके से विभिन्न कंपनियों के करीब 1000 सिलेंडर, गैस ट्रांसफर करने के 32 रिफिलर यंत्र और तीन बड़े पाइप बरामद किए गए। एजेंसी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
बिजनौर में एक गैस एजेंसी से 26 भरे और 30 खाली सिलेंडर मिले। औरैया में एक मकान से 19 गैस सिलेंडर और 800 लीटर डीजल बरामद किए गए। सुल्तानपुर में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 42 सिलेंडर जब्त किए गए।
बिहार-ओडिशा में गिरफ्तारी
बिहार केपश्चिम चंपारण में एक घर से 42 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। मधुबनी के लखनौर में 24, रोहतक में 10 और सहरसा में 112 सिलेंडर बरामद किए गए। विभिन्न स्थानों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ओडिशा के बुर्ला में मंथन कुमार महतो नामक व्यक्ति के गोदाम से 62 भरे और 99 खाली समेत 161 सिलेंडर जब्त किए गए।
मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में कार्रवाई
मध्य प्रदेश में11 स्थानों पर छापेमारी कर 228 सिलेंडर जब्त किए गए। हरियाणा के अंबाला, फतेहाबाद, जींद, रोहतक, भिवानी और सिरसा में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जांच अभियान चलाया। उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों में 480 स्थानों का निरीक्षण और 85 जगहों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 80 सिलेंडर और दो रिफिलिंग किट जब्त की गई। कालाबाजारी रोकने के लिए गोदाम से सिलेंडर वितरण पर रोक लगा दी गई है और ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।

