Maharashtra News: रत्नागिरी जिले के एक गुरुकुल आश्रम में नाबालिग छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोपों के मुताबिक आश्रम प्रमुख कोकरे महाराज और उनके सहयोगी प्रतेश कदम ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने दोनों के खिलाब पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।
मामला खेड तालुका के लोटे इलाके स्थित वारकरी गुरुकुल आश्रम का है। पीड़ित छात्रा ने जून महीने से लगातार हो रहे उत्पीड़न की शिकायत खेड पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोकरे महाराज को गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक दावों ने बढ़ाई गर्मी
शिव सेना के विधायक भास्कर जाधव ने कोकरे महाराज पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कोकरे भाजपा से जुड़े हुए हैं। जाधव ने कहा कि जिन नेताओं ने उनकी गोशाला में भाषण दिए थे, उन्हें अब जनता के सामने जवाब देना होगा। विधायक ने आगे कहा कि कोकरे ने कई अन्य छात्राओं का भी शोषण किया है।
इस मामले ने पूरे रत्नागिरी जिले में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग धार्मिक शिक्षा के नाम पर चल रहे ऐसे संस्थानों की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं। क्षेत्र में लोगों का गुस्सा साफ देखा जा सकता है। पुलिस ने संवेदनशीलता के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल को करे महाराज पुलिस हिरासत में हैं और जांच जारी है। पुलिस अन्य छात्राओं से भी पूछताछ कर रही है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि कहीं और लड़कियां भी इस शोषण का शिकार तो नहीं हुईं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी जोरों पर है।
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 12 और 17 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा भारतीय दंड संहिता की धारा 74, 351 और 85 के तहत भी आरोप तय किए गए हैं। यह मामला एक बार फिर समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। धार्मिक शिक्षा के नाम पर चल रहे संस्थानों में नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी हो गया है।
