Vikramaditya Singh in Kullu: हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह के सपने में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह आए थे। ये बात किसी और ने नहीं बल्कि खुद विक्रमादित्य सिंह ने कहा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ समय पूर्व मुझे सपने में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने कहा कि कुल्लू का ख्याल रखना। क्यों यह बात कही इसका मुझे पता नहीं है। इसके बाद मैंने रोहडू का कार्यक्रम रद्द कर कुल्लू आने का निर्णय लिया।
विक्रमादित्य सिंह के इस बयान के बाद राजनीति में हलचल पैदा हो गई है। लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह शुक्रवार देर शाम को कुल्लू के मौहल पहुंचे। जहां पर उन्होंने कुल्लू के लोगों की समस्या सुनी और देर रात तक उनसे मिलने के लिए कांग्रेस के नेता मौहल पहुंचे।
कुल्लू का विकास करना मेरी प्राथमिकता
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुल्लू का विकास करना मेरी प्राथमिकता में हैं। कुल्लू में चल रहे विकास के कार्य को गति दी जाएगी। इसमें कुल्लू, मनाली, बंजार, आनी में विकास को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। विकास को लेकर भाजपा और कांग्रेस को एक साथ कार्य करने की जरूरत है। प्रदेश के विकास के लिए अगर भाजपा के लोगों को साथ लेकर जाना पड़े तो जाएंगे।
अगर जरूरत पड़ी तो भाजपा से भी मिलने जाएंगे
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दिल्ली में अगर भाजपा के लोगों से मिलना पड़ेगा तो मिलने जाएंगे और जरूरत पड़ी तो पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी साथ लेकर जाएंगे। कुल्लू के मौहल पहुंचने पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह का ढ़ोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
मंत्री सिंह ने सुनी लोगों की समस्याएं
मौहल में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी और कुछ का मौके पर निपटारा किया। आज जिला स्तरीय बंजार मेले का समापन किया जाएगा। मौहल के बाद लारजी में मंत्री का स्वागत किया जाएगा इसके बाद शाम करीब तीन बजे बंजार मेले का समापन करेंगे। इसके बाद वाया जलोड़ी जोत आनी होकर शिमला जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा, पूर्व मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश, जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सेस राम आजाद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अरूणा, सहित कांग्रेस के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।