Chamba News: तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने चिलामा पंचायत के कुमलाड़ी गांव में भारी नुकसान पहुंचाया। पुष्कर थापा का मकान पूरी तरह से ढह गया। तीन अन्य घरों में मलबा भरने से दरारें आ गईं। ग्रामीणों ने तुरंत राहत और मुआवजे की मांग की है।
घटासनी पंचायत के उपरी मामला गांव में धर्मचंद के मकान को गंभीर नुकसान हुआ। जैसी राम और राजीव कुमार की पशुशालाएं पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। संजय कुमार की पशुशाला में दबकर पांच मवेशियों की मौत हो गई। मदन लाल और मनोहर लाल के घर भी पूरी तरह बर्बाद हो गए।
आपदा के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया। लाहड़ू-सिहुंता मार्ग को भूस्खलन से साफ करके शनिवार को यातायात के लिए खोला गया। बिजली की आपूर्ति बहाल की गई। सभी प्रभावित परिवारों को दो-दो हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि दी गई है।
एसडीएम पारस अग्रवाल ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावितों को जल्द मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को पहले ही खतरे का अंदेशा था। इसलिए वे पहले से ही अपने रिश्तेदारों के पास चले गए थे। इससे जानमाल का नुकसान कम हुआ।
