हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में गुरुवार को एक महिला और बुजुर्ग चर्चा का विषय बने रहे। दोनों ने शराब पी रखी थी और सड़क पर लड़खड़ाते हुए चल रहे थे। शराब के नशे में धुत महिला तो बीच सड़क पर ही लेट गई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को गाड़ी में थाने ले गई। बाद में दोनों को घर भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार पालमपुर के नेहरू चौक के पास एक वृद्ध पुरुष और उसके साथ एक महिला जा रही थी। दोनों नशे में थे और लड़खड़ाते हुए चल रहे थे। थोड़ी ही दूर शनि मंदिर के पास पहुंचने पर महिला बीच सड़क पर गिर गई।
नशा अधिक होने के कारण महिला से उठा ही नहीं गया। बुजुर्ग भी नशे में होने के कारण साथ चल रही महिला को संभालने में बेबस दिखा। इस दौरान महिला बुजुर्ग को को अपना पति बता रही थी। जबकि, वह महिला की बात से इनकार कर रहा था। महिला को नशे की हालत में सड़क पर गिरा देख लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच, एक प्रत्यक्षदर्शी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। बाद में उनका घर पता मालूम कर पुलिस ने उन्हें घर भेज दिया। बताया जा रहा है कि नशे में मिली महिला और बुजुर्ग शाहपुर के द्रमण इलाके के रहने वाले हैं। उधर, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि पुलिस दोनों को थाने ले आई थी। घर का पता लगाने के बाद परिजनों को सूचित कर दोनों को घर भेज दिया गया।