Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भारी बारिश से हुई भूस्खलन की घटनाओं ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। अचानक पहाड़ी से गिरी भारी चट्टानों से छह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छोलतू अस्पताल में चल रहा इलाज
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए छोलतू स्थित अस्पताल ले जाया गया। वर्तमान में उनका उपचार जेएसडब्ल्यू अस्पताल छोलतू में जारी है। घायलों में जिला कांगड़ा के एक टैंकर चालक सहित उत्तर प्रदेश के पांच निवासी शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, वाहन फंसे
लगातार पांच दिन से नाथपा और निगुलसरी में राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। इनमें सेब से लदे ट्रक और छोटे वाहन भी शामिल हैं। मार्ग बंद होने के कारण कई वाहन वांगतू स्थान पर भी फंसे हुए हैं।
घायलों की पहचान
हादसे में घायल हुए लोगों में टैंकर चालक बलवंत सिंह शामिल हैं। अन्य घायलों में उत्तर प्रदेश के अशोक, शमसुद्दीन, सूरज, मोहम्मद सिराज और हसन शामिल हैं। सभी घायल वाहन चालक या सहयोगी हैं जो इस इलाके से गुजर रहे थे। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।
