Solan News: पर्यटन नगरी कसौली में 10 से 12 अक्टूबर तक 14वां खुशवंत सिंह लिटरेचर फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष का थीम ‘वाइस ऑफ टूमॉरो, नेरिगेटिंग दी फ्यूचर थ्रो वर्ल्ड्स’ रखा गया है। देश विदेश की प्रसिद्ध साहित्यिक हस्तियां इस आयोजन में भाग लेंगी।
कसौली क्लब में होगा आयोजन
यह साहित्यिक आयोजन कसौली क्लब में होगा। आयोजकों ने इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभी तक भाग लेने वाले विशिष्ट अतिथियों की सूची अंतिम नहीं हुई है। यह फेस्टिवल प्रसिद्ध लेखक खुशवंत सिंह की स्मृति में आयोजित किया जाता है।
वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
इस वर्ष के फेस्टिवल में ऑपरेशन सिंदूर और अमेरिका के साथ टैरिफ विवाद जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। पिछले वर्षों में भारत पाकिस्तान संबंध और चीन के साथ रिश्तों जैसे विषयों पर गहन वार्ता हुई थी। लेखकों ने इन मुद्दों पर अपने विचार रखे थे।
2012 से हो रहा है आयोजन
खुशवंत सिंह के साहित्यिक योगदान और कसौली के प्रति प्रेम को देखते हुए 2012 में इस फेस्टिवल की शुरुआत की गई। उनके पुत्र राहुल सिंह ने अपने पिता के जीवनकाल में ही इसकी नींव रखी थी। यह भारत में खुशवंत सिंह के नाम पर आधारित एकमात्र लिटरेचर फेस्टिवल है।
कसौली से था गहरा नाता
खुशवंत सिंह का कसौली के साथ विशेष लगाव था। उनका अपर मॉल रोड पर राज विला नामक बंगला था। वह इसे अपना दूसरा घर मानते थे। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ट्रेन टू पाकिस्तान के कई अंश इसी बंगले में लिखे थे। लंदन में भी उनके नाम से एक समान फेस्टिवल आयोजित होता है।
