शनिवार, दिसम्बर 20, 2025

कन्नौज हादसा: करंट से युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, पुलिस ने महिलाओं के साथ की मारपीट; देखें वायरल वीडियो

Share

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बिजली के करंट से एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों के साथ पुलिस की झड़प हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक दारोगा को महिलाओं का गला पकड़कर धकेलते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस की कार्रवाई पर सियासी बवाल

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर सरकार और पुलिस प्रशासन को निशाने पर लिया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि कन्नौज में बिजलीकर्मी की करंट लगने से हुई मौत बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि दुख के ऐसे संवेदनशील माहौल में पुलिस का व्यवहार आपत्तिजनक है। अखिलेश ने दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि दिए जाने की भी मांग की।

यह भी पढ़ें:  कांगड़ा किडनैपिंग: ट्रैक्टर पर जा रही नाबालिग लड़की को पिस्तौल दिखाकर उतारा, स्कॉर्पियो में किया किडनैप

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी महिलाओं के साथ बेहद खराब तरीके से पेश आ रहे हैं। एक दारोगा महिलाओं को पकड़कर जबरदस्ती खींच रहा है और उनका गला दबा रहा है। कई महिलाएं इस दौरान गिरती भी दिखाई दे रही हैं। वहीं, एक पुलिसकर्मी को आक्रोशित महिलाओं पर लाठी चलाते हुए भी देखा गया। हैरानी की बात यह है कि मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद होने के बावजूद पुरुष पुलिसवालों ने ही महिलाओं को हाथापाई की।

यह भी पढ़ें:  उत्तर प्रदेश अपराध: दलित महिला की पिटाई के दोषी पिता-पुत्रों को कोर्ट ने सुनाई दो साल जेल की सजा

क्या हुआ था पूरा मामला?

कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के मुंगरा गांव में शुक्रवार को एक युवक बिजली के पोल पर काम कर रहा था। तभी अचानक बिजली सप्लाई चालू होने से उसे करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना से आहत ग्रामीणों ने तिर्वा उपकेंद्र के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर भी लोग शांत नहीं हुए और झड़प हो गई। बाद में स्थिति और बिगड़ी और पत्थरबाजी तक होने लगी। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है।

अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन के खिलाफ गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लोगों की मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Poonam Sharma
Poonam Sharma
एलएलबी और स्नातक जर्नलिज्म, पत्रकारिता में 11 साल का अनुभव।

Read more

Related News