कंगना रनौत के बयान पर भड़की कांग्रेस, क्या अब भाजपा सांसदों का होगा घेराव? राहुल गांधी पर टिप्पणी ने मचाया बवाल

Himachal News: भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी ने हिमाचल की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। हिमाचल कांग्रेस ने वीरवार को इस मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कंगना के बयान को न केवल अभद्र बताया, बल्कि इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करार दिया है। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भाजपा सांसद ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी और भाजपा के हर सांसद का घेराव करेगी।

कंगना के बयान से हिमाचल की गरिमा को ठेस: विनय कुमार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कंगना रनौत की भाषा बेहद निम्नस्तरीय और शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की गिरती भाषा उनकी हताशा और बौखलाहट का प्रमाण है। विनय कुमार के अनुसार, यह टिप्पणी केवल राहुल गांधी पर नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी भाषा के प्रयोग से पूरे हिमाचल प्रदेश की गरिमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठेस पहुंची है।

भाजपा से मांगा जवाब, क्या यही है आपकी संस्कृति?

विनय कुमार ने सीधे भाजपा नेतृत्व से सवाल किया है कि क्या वे कंगना रनौत के इस आचरण का समर्थन करते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा की राजनीतिक संस्कृति में अभद्र भाषा के लिए कोई स्थान है। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा को अपना असली चेहरा जनता के सामने स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अहंकार की यह राजनीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांग्रेस कार्यकर्ता हर अपमान का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार खड़ा है।

माफी न मिलने पर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यह लड़ाई अब विचारधारा और सम्मान की बन चुकी है। विनय कुमार ने एलान किया कि अगर राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी पर देश से माफी नहीं मांगी गई, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन छेड़ेगी और भाजपा सांसदों का घेराव कर उन्हें जनता के बीच जवाबदेह ठहराएगी। उन्होंने साफ किया कि राहुल गांधी के सम्मान की रक्षा के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

Hot this week

Related Articles

Popular Categories