India News: अगर आप अपने प्रीपेड सिम को पोस्टपेड में बदलने का मन बना रहे हैं, तो रुकिए! स्विच करने से पहले यह जानना जरूरी है कि रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) में से कौन सी कंपनी सबसे किफायती डील दे रही है। इन कंपनियों के एंट्री-लेवल पोस्टपेड प्लान्स में न केवल डेटा और कॉलिंग मिलती है, बल्कि ओटीटी सब्सक्रिप्शन और क्लाउड स्टोरेज जैसे प्रीमियम फायदे भी शामिल हैं। कीमत और सुविधाओं के मामले में तीनों कंपनियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
रिलायंस जियो का 349 रुपये वाला धमाकेदार प्लान
रिलायंस जियो का सबसे सस्ता पोस्टपेड प्लान 349 रुपये से शुरू होता है। इस प्लान में ग्राहकों को 30 जीबी हाई-स्पीड डेटा मिलता है। डेटा लिमिट खत्म होने के बाद 10 रुपये प्रति जीबी का चार्ज लगता है। इसके अलावा, प्लान में अनलिमिटेड कॉलिंग और हर दिन 100 एसएमएस की सुविधा दी जाती है। मनोरंजन के लिए इसमें 3 महीने का जियो हॉटस्टार एक्सेस और 50 जीबी एआई क्लाउड स्टोरेज शामिल है। सबसे खास बात यह है कि जियो अपने इस प्लान के साथ 35,100 रुपये मूल्य का Google Gemini Pro एक्सेस भी ऑफर कर रहा है।
एयरटेल का 449 रुपये वाला प्रीमियम पोस्टपेड प्लान
एयरटेल अपने 449 रुपये वाले प्लान में कई एडवांस फीचर्स पेश करता है। इसमें यूजर्स को अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलती है। प्लान में 100 जीबी क्लाउड स्टोरेज और 12 महीने के लिए एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम (Adobe Express Premium) का सब्सक्रिप्शन दिया जाता है। इसके अलावा, 3 महीने का जियो हॉटस्टार मोबाइल सब्सक्रिप्शन और एयरटेल एक्सस्ट्रीम प्ले प्रीमियम का एक्सेस भी मिलता है। यह प्लान स्पैम कॉल अलर्ट और हेलो ट्यून्स जैसी सुविधाओं से लैस है।
वोडाफोन आइडिया (Vi) का 451 रुपये वाला प्लान और नाइट डेटा
वोडाफोन आइडिया का 451 रुपये वाला प्लान भारी डेटा इस्तेमाल करने वालों के लिए बेहतरीन है। यह प्लान 50 जीबी हाई-स्पीड डेटा ऑफर करता है, लेकिन 5जी कवरेज एरिया में 5जी फोन चलाने वालों को अनलिमिटेड डेटा मिलता है। इसकी सबसे बड़ी खूबी रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक मिलने वाला ‘अनलिमिटेड नाइट डेटा’ है। इसमें हर महीने 3000 एसएमएस और वीआई गेम्स का फायदा मिलता है। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार 1 साल का जियो हॉटस्टार, सोनी लिव या नॉर्टन मोबाइल सिक्योरिटी में से कोई भी एक सर्विस चुन सकते हैं।


