जमशेदपुर पुलिस को मिली 51 नई बोलेरो: 20 साल पुराने वाहनों की जगह लेंगी, पेट्रोलिंग व्यवस्था होगी मजबूत

Jamshedpur News: जमशेदपुर में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिला पुलिस को पेट्रोलिंग के लिए 51 नई बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। सभी वाहन गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन पहुंच चुके हैं। इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात करने का निर्णय वरीय पुलिस अधीक्षक स्तर से लिया जाएगा।

पुराने वाहनों से मिलेगी निजात

पुलिस अधिकारियोंके अनुसार, लंबे समय से पेट्रोलिंग के लिए नए वाहनों की मांग की जा रही थी। जिले के कई थाना क्षेत्रों में लगभग 20 वर्ष पुराने वाहन अब तक उपयोग में लाए जा रहे थे, जो काफी जर्जर हो चुके हैं। नई बोलेरो के शामिल होने से शहर में गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। आधुनिक और बेहतर स्थिति वाले वाहनों के जरिए पुलिस टीम तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सुविधा होगी।

89 मोटरसाइकिलें भी मिलीं

मुख्यमंत्रीहेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस को कुल 1477 वाहनों की सौगात दी है। इनमें जमशेदपुर जिला पुलिस को 51 बोलेरो के साथ 89 मोटरसाइकिलें भी मिली हैं। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

चालकों की कमी चुनौती

वर्तमान मेंजिले में गश्ती के लिए लगभग 110 वाहन उपलब्ध हैं। इनमें से करीब 80 वाहनों को चलाने के लिए होमगार्ड जवानों को चालक के रूप में लगाया गया है। वहीं कई थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग निजी चालकों के भरोसे कराई जा रही है। पुलिस विभाग में चालकों की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है, क्योंकि वर्ष 2012 के बाद चालक पद पर नई बहाली नहीं हुई है। नई गाड़ियों के आने से उम्मीद है कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था पहले से अधिक सशक्त होगी।

Hot this week

Indian Navy Agniveer भर्ती 2026: SSR, MR और मेडिकल के लिए आवेदन शुरू, 6 अप्रैल तक भर सकते हैं फॉर्म

India News: भारतीय नौसेना में अग्निवीर (एसएसआर/एमआर) और एसएसआर...

Related Articles

Popular Categories