New Delhi News: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। सोमवार को उन्हें दिल्ली के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया। खबरों के मुताबिक, 10 जनवरी को वॉशरूम में वे दो बार बेहोश होकर गिर पड़े थे। 74 वर्षीय धनखड़ की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत एडमिट कर लिया है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सुबह 3:30 बजे घटी घटना
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 10 जनवरी की सुबह करीब 3:30 बजे हुई। जब वे वॉशरूम गए, तो उन्हें दो बार बेहोशी का सामना करना पड़ा। सोमवार को वे रूटीन चेकअप के लिए एम्स पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की और घर जाने के बजाय अस्पताल में ही भर्ती होने की सलाह दी। डॉक्टरों ने उनका एमआरआई (MRI) किया है। मंगलवार को उनके कुछ और महत्वपूर्ण टेस्ट किए जाएंगे।
सार्वजनिक मंचों पर भी बिगड़ चुकी है तबीयत
जगदीप धनखड़ के साथ बेहोश होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी वे कई बार अचानक बेहोश हो चुके हैं। उपराष्ट्रपति रहते हुए कच्छ का रण, उत्तराखंड और केरल के दौरों पर उन्हें ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि दिल्ली में भी सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ चुकी है। बार-बार बेहोशी आने के कारण डॉक्टर अब उनकी सघन जांच कर रहे हैं।
कार्यकाल खत्म होने से पहले ही दिया था इस्तीफा
धनखड़ ने 21 जुलाई को खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने 11 अगस्त 2022 को शपथ ली थी और उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था। लेकिन सेहत ठीक न रहने के कारण उन्होंने दो साल पहले ही पद छोड़ने का फैसला लिया। उस समय राज्यसभा का मानसून सत्र चल रहा था और उनके इस अचानक फैसले ने सबको चौंका दिया था। पिछले साल भी दिल की बीमारी के चलते उन्हें एम्स में भर्ती होना पड़ा था।
