New Delhi News: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के कारण सोमवार को कई प्रमुख एयरलाइनों ने पश्चिम एशिया के शहरों के लिए आने-जाने वाली उड़ानों को निलंबित कर दिया है। इंडिगो, अकासा एयर, कतर एयरवेज और अमीरात सहित एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों की सुविधा के लिए छूट और रिफंड देने की घोषणा की है।
इंडिगो ने सात मार्च तक बढ़ाया निलंबन
इंडिगोने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी यात्रा सलाह में कहा कि एहतियाती रणनीति के तहत पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों से होकर गुजरने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन बढ़ा दिया गया है। एयरलाइन चुनिंदा शहरों से आने-जाने वाली उड़ानों के लिए सात मार्च तक छूट दे रही है। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए है जिन्होंने 28 फरवरी, 2026 या उससे पहले बुकिंग कराई है।
अकासा एयर ने पांच शहरों के लिए उड़ानें की निलंबित
अकासाएयर ने अपडेट जारी कर बताया कि पश्चिम एशिया की स्थिति के कारण जॉर्डन, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद के लिए सभी उड़ानें तीन मार्च के लिए निलंबित कर दी गई हैं। इन शहरों के लिए बुकिंग कराने वाले यात्री पूर्ण रिफंड या बिना किसी अतिरिक्त लागत के अपनी यात्रा को पुनर्निर्धारित करने का विकल्प चुन सकते हैं।
कतर एयरवेज और एमिरेट्स ने भी रोकी उड़ानें
कतर एयरवेज नेघोषणा की कि कतर के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण उसकी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। वहीं एमिरेट्स ने तीन मार्च को यूएई समयानुसार दोपहर तीन बजे तक दुबई के लिए उड़ानों को निलंबित कर दिया है।
यात्रियों के लिए दो विकल्प
एमिरेट्स नेपांच मार्च या उससे पहले यात्रा के लिए बुकिंग कराने वाले ग्राहकों के लिए दो विकल्प दिए हैं। यात्री 20 मार्च या उससे पहले यात्रा के लिए वैकल्पिक उड़ान पर पुनर्निर्धारण कर सकते हैं या पूर्ण रिफंड का अनुरोध कर सकते हैं।

