Sports News: ईरान की फुटबॉल टीम जंग के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए तैयार हो गई है। पहले जहां टीम की तरफ से टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की धमकी दी गई थी, अब टीम एक शर्त के साथ विश्व कप में खेलने को राजी हो गई है। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका की जगह किसी और देश में अपने मुकाबले खेलेगा।
ट्रंप के बयान के बाद ईरान ने लिया फैसला
आगामीफीफा वर्ल्ड कप के मुकाबले अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेले जाने हैं। ईरान फुटबॉल फेडरेशन के प्रमुख मेहदी ताज ने साफ कर दिया है कि टीम तैयारियों में जुट गई है और तुर्की में कैंप लगाकर दो फ्रेंडली मैच खेलेगी। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान जारी कर कहा था, “ईरान की नेशनल फुटबॉल टीम का वर्ल्ड कप में स्वागत है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि जान और सुरक्षा के लिहाज से उनका वहां होना उचित है।” ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान ने वर्ल्ड कप में तो खेलने का फैसला किया, लेकिन अमेरिका में खेलने से इनकार कर दिया है।
पहले बहिष्कार की धमकी, अब शर्त के साथ वापसी
गौरतलब हैकि सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान के खेल मंत्री अहमद दोन्यामाली ने साफ कर दिया था कि उनकी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी। लेकिन अब यह फैसला बदल चुका है और टीम ने शर्त रखी है कि उनके मुकाबले अमेरिका की जगह किसी और देश में करवाए जाएं। ईरान को ग्रुप चरण के मुकाबले अमेरिका में ही खेलने हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में फीफा क्या फैसला लेती है।


