Delhi News: कर्नाटक कैडर के 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी प्रवीण सूद ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। सूद मूल रूप से कांगड़ा के परागपुर के मूल निवासी हैं। सीबीआई से जुड़ने से पूर्व वह कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक के तौर पर कार्यरत थे।
सूद ने भारतीय पुलिस सेवा में अपने लगभग 37 वर्षों के लंबे कार्यकाल के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इनमें बेल्लारी व रायचूर के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात बंगलूरू शहर, पुलिस आयुक्त मैसूर, डीजीपी (आंतरिक सुरक्षा) तथा डीजीपी (सीआईडी) शामिल हैं। उन्होंने मॉरीशस सरकार के सलाहकार के रूप में काम किया।
प्रवीण सूद आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक (बीटेक), आईआईएम बंगलूरू, मैक्सवेल स्कूल ऑफ गवर्नेंस और सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी न्यूयॉर्क से पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर हैं। सूद को वर्ष 2011 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक एवं वर्ष 2002 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। उन्हें सेवा में उत्कृष्टता के लिए मुख्यमंत्री के स्वर्ण पदक से वर्ष 1996 में सम्मानित किया गया।
वर्ष 2011 में यातायात प्रबंधन के लिए प्रौद्योगिकी के सबसे नवीन उपयोग के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस गोल्ड पुरस्कार एवं सड़क सुरक्षा व यातायात प्रबंधन में योगदान को वर्ष 2006 में प्रिंस माइकल इंटरनेशनल रोड सेफ़्टी अवार्ड से सम्मानित किया गया।