Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मोहित चावला को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) में डीआईजी पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में वे हिमाचल प्रदेश पुलिस में डीआईजी साइबर क्राइम के पद पर तैनात थे।
शैक्षणिक योग्यता और उपलब्धियां
मोहित चावला 2010 बैच के हिमाचल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। सेवा के दौरान उन्होंने इग्नू से साइबर लॉ में स्नातकोत्तर और आईआईएम अहमदाबाद से मानव संसाधन प्रबंधन में प्रमाणपत्र प्राप्त किया। उन्हें आईईसी विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट भी मिला है।
साइबर अपराध में उल्लेखनीय योगदान
डीआईजी साइबर क्राइम के रूप में उन्होंने साइबर अपराध रिकवरी दर को 3% से बढ़ाकर 28% तक पहुंचाया। इस उपलब्धि को पूरे देश में सराहा गया। उन्होंने एएसपी कांगड़ा, एसपी मंडी, एसपी सोलन और एसपी शिमला सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
पुरस्कार और सम्मान
मोहित चावला को हरियाणा सरकार का प्रतिभा सम्मान मिल चुका है। उन्हें दो बार डीजीपी डिस्क और तीन गवर्नर कमेंडेशन से भी सम्मानित किया जा चुका है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे 2020 में उन्हें देश के 50 सबसे लोकप्रिय पुलिस अधिकारियों में शामिल किया गया था। सेना ने भी उन्हें जीओसी-इन-सी कमेंडेशन से नवाजा है।
