National News: पश्चिम एशिया में चल रहे भारी तनाव और युद्ध के हालात के बीच भारत ने बड़ा दिल दिखाया है। भारत सरकार ने देश में फंसे विदेशी नागरिकों को एक बड़ी राहत दी है। विदेशियों के वीजा की अवधि अब मुफ्त में बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही तय समय से अधिक रुकने पर लगने वाला भारी जुर्माना भी पूरी तरह माफ कर दिया गया है। यह फैसला उन लोगों के लिए एक बड़ी उम्मीद है जो उड़ानों के रद्द होने से यहां फंस गए हैं।
एक महीने के लिए फ्री में बढ़ेगा वीजा
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस संबंध में एक अहम अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार, जिन विदेशी नागरिकों के वीजा या ई-वीजा की अवधि खत्म हो रही है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) इन सभी वीजा को एक महीने के लिए बिल्कुल मुफ्त में बढ़ाएगा।
28 फरवरी के बाद का जुर्माना पूरी तरह माफ
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संघर्ष के कारण जो विदेशी नागरिक वापस नहीं लौट पाए हैं, उन पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। 28 फरवरी के बाद से तय समय से अधिक रुकने पर लगने वाला जुर्माना सरकार ने पूरी तरह माफ कर दिया है। जब उड़ान मार्ग दोबारा खुलेंगे, तो इन नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए मुफ्त में निकास परमिट (Exit Permit) भी दिया जाएगा।
कानून का उल्लंघन नहीं माना जाएगा यह ठहराव
दूतावास ने विदेशियों की चिंताओं को दूर करते हुए एक और बड़ा ऐलान किया है। अगर कोई विदेशी नागरिक किसी कारण से निकास परमिट या वीजा विस्तार के लिए आवेदन नहीं कर पाता है, तो इसे आव्रजन (Immigration) कानून का उल्लंघन नहीं माना जाएगा।
डायवर्ट उड़ानों के यात्रियों को भी बड़ी राहत
आसमान में उड़ानों के मार्ग बदलने से भी कई विदेशी नागरिक अचानक भारत पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे यात्रियों को भी भारत सरकार मुफ्त में अस्थायी लैंडिंग परमिट दे रही है। युद्ध के इस मुश्किल समय में भारत का यह कदम विदेशियों के लिए एक बड़ी मदद बनकर सामने आया है।

